कटघोरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: : निर्माणाधीन रेलवे साइट से 14 लाख का ट्रैक्टर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पेंड्रा से वाहन बरामद
Shubh Arvind Sharma
Wed, Nov 25, 2026
कटघोरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: निर्माणाधीन रेलवे साइट से 14 लाख का ट्रैक्टर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पेंड्रा से वाहन बरामद

कटघोरा (कोरबा)। कटघोरा पुलिस ने निर्माणाधीन रेलवे स्टेशन बिंझरा के पास से चोरी हुए 14 लाख रुपये कीमती ट्रैक्टर के मामले को सुलझाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी उप निरीक्षक राजेश तिवारी के कुशल नेतृत्व और त्वरित कार्रवाई के चलते पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज होने के महज कुछ ही घंटों के भीतर मामले का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया ट्रैक्टर जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के ग्राम गिरारी से बरामद कर जब्त कर लिया है।

क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीपका के उर्जा नगर निवासी प्रार्थी आयुष कुमार ने 24 नवंबर 2026 को कटघोरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी कंपनी 'सासा इंटरप्राइजेस' का एक 'जॉन डियर' (John Deere) ट्रैक्टर (क्रमांक CG 12 BR 9376) त्रिवेणी कंपनी के बिंझरा रेलवे लाइन कंस्ट्रक्शन कार्य में लगा हुआ था। 4 नवंबर 2026 को दीपावली की छुट्टी से पहले ट्रैक्टर में तकनीकी खराबी (ब्रेकडाउन) आ गई थी, जिसके बाद ड्राइवर और कर्मचारी उसे निर्माणाधीन रेलवे स्टेशन बिंझरा के ब्रिज नंबर 26 के पास खड़ा कर अपने घर चले गए थे। 22 नवंबर को जब कर्मचारी काम पर लौटे, तो ट्रैक्टर वहां से गायब था।

थाना प्रभारी राजेश तिवारी की सक्रियता से पकड़ा गया आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर तत्काल अपनी टीम को सक्रिय किया और मुखबिर तंत्र को अलर्ट कर सघन जांच शुरू की। उनकी सूझबूझ और सटीक रणनीति का नतीजा रहा कि विवेचना के दौरान पुलिस को अहम सुराग हाथ लगा। मुखबिर से सूचना मिली कि निर्माणाधीन रेलवे साइट पर ही 'शिवा कृति कंपनी' में ट्रैक्टर चलाने वाले एक युवक को चार-पांच दिन पहले जॉन डियर ट्रैक्टर को जटगा की ओर ले जाते देखा गया था।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर बिंझरा रेलवे साइट के पास से संदेही रमेश कुमार केंवट (उम्र 39 वर्ष, पिता ददुआ प्रसाद, निवासी ग्राम बरबसपुर, थाना भालूमाड़ा, जिला अनूपपुर, म.प्र.) को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की।

बिना चाबी के डायरेक्ट स्टार्ट कर ले गया था ट्रैक्टर
पुलिस की सख्त पूछताछ के आगे आरोपी रमेश कुमार केंवट टूट गया और अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि 19 नवंबर 2026 की दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच उसने खड़े हुए ट्रैक्टर को बिना चाबी के डायरेक्ट हल्का रिपेयर कर चालू किया और चोरी कर ले गया। उसने ट्रैक्टर को पेंड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम गिरारी बस्ती के पास 'भर्रा टिकरा' में ले जाकर छिपा दिया था।
जब्ती और न्यायिक रिमांड
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने ग्राम गिरारी, थाना पेंड्रा (जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही) पहुंचकर गवाहों के समक्ष चोरी गया ट्रैक्टर बरामद कर जब्त कर लिया। पुलिस ने आरोपी को 24 नवंबर की रात 11:30 बजे विधिवत गिरफ्तार कर लिया और बुधवार को कटघोरा के माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। मामले की अग्रिम विवेचना और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की जांच के लिए पुलिस ने आरोपी का 8 दिसंबर 2026 तक न्यायिक रिमांड मांगा है। क्षेत्रीय नागरिकों और व्यापारियों ने भी चोरी के इस बड़े मामले का त्वरित खुलासा करने पर थाना प्रभारी राजेश तिवारी और उनकी टीम की कार्यप्रणाली की सराहना की है।
Tags :
कोरबा कटघोरा
विज्ञापन
विज्ञापन