अटल प्रतिमा' महाघोटाला: चिराग तले घोर अंधेरा! : अपनों ने ही लगाई लंका में आग, भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष की करतूत से संगठन हुआ पानी-पानी!
Shubh Arvind Sharma
Tue, Aug 11, 2026
'अटल प्रतिमा' महाघोटाला: चिराग तले घोर अंधेरा! अपनों ने ही लगाई लंका में आग, भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष की करतूत से संगठन हुआ पानी-पानी!
कटघोरा (कोरबा)। कटघोरा नगर पालिका परिषद के 'अटल परिसर' में स्थापित भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा में हुए महाघोटाले की परतें जैसे ही खुलीं, सियासत के गलियारों में भूचाल आ गया। सूत्रों से छनकर आई इस कड़वी सच्चाई ने पूरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को काटो तो खून नहीं वाली स्थिति में ला खड़ा किया है। इस पूरे भ्रष्टाचार की पटकथा किसी बाहरी ने नहीं, बल्कि घर के भेदियों ने ही लिखी है। मुख्य ठेकेदार से साँठगाँठ कर इस पूरे काम को पर्दे के पीछे से पेटी ठेके (सब-कॉन्ट्रैक्ट) पर भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष अनुराग दुहलानी ने हथिया लिया था।
इस जिम्मेदार पदाधिकारी ने बहती गंगा में इस कदर हाथ धोया कि साख और सुशासन के दावों की सरेआम धज्जियां उड़ गईं। अब जब इस करतूत की पोल खुल चुकी है, तो संगठन के भीतर सिर पीटकर एक ही विलाप गूंज रहा है—"दुश्मनों से तो लोहा ले लेते, पर यहाँ तो आस्तीन के सांपों ने ही घर में सेंध लगा दी!"

पहली ही बारिश ने धोया भ्रष्टाचार का रंग, उड़ गए तोते!
कागजों और टेंडर के नियमों के मुताबिक, अटल परिसर में लगभग 14 लाख रुपये की मोटी रकम से शुद्ध ब्रॉन्ज (कांस्य) की भव्य प्रतिमा चमकानी थी। लेकिन रसूखदार भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष अनुराग दुहलानी ने अंधा बांटे रेवड़ी, फिर-फिर अपनों को दे की तर्ज पर इस काम में जमकर लीपापोती की। चांदी काटने के चक्कर में ब्रॉन्ज के बजट को पूरी तरह डकार लिया गया और जनता की आंखों में धूल झोंकने के लिए कथित सीमेंट-कंक्रीट की सस्ती मूर्ति खड़ी कर उस पर केवल धात्विक रंग पोत दिया गया। लेकिन पाप का घड़ा फूटकर ही रहता है; पहली ही मानसूनी बारिश ने सारा नकली रंग धो डाला और कंक्रीट का ढांचा बाहर आते ही नेताओं और अधिकारियों के तोते उड़ गए। इस दृश्य को देखकर पूरी जनता ने दांतों तले उंगली दबा ली कि सुशासन का ढोल पीटने वालों के राज में इतना बड़ा अंधेरखाता चल रहा है
सुलगता सवाल: क्या जिला बॉडी करेगी कार्रवाई या गलतियों पर डाला जाएगा पर्दा?
अब इस पूरे महाघोटाले के उजागर होने के बाद कटघोरा के चौक-चौराहों और राजनीतिक गलियारों में एक ही यक्ष प्रश्न सुलग रहा है कि क्या भाजपा की जिला बॉडी अपने इस बेलगाम युवा मोर्चा अध्यक्ष अनुराग दुहलानी पर कोई कड़ा दंडात्मक एक्शन लेगी, या फिर परम श्रद्धेय अटल जी के इस घोर अपमान पर अपनी ही पार्टी के नेता की गलतियों पर पर्दा डाल दिया जाएगा?
पार्टी के भीतर और बाहर इस बात को लेकर भारी कौतूहल है कि जो भाजपा राष्ट्रवाद और सुशासन की दुहाई देते नहीं थकती, वह अपने ही उस पदाधिकारी पर क्या रुख अपनाती है जिसने चंद सिक्कों की खातिर पार्टी के सबसे बड़े मसीहा की गरिमा को ही मटियामेट कर दिया। यदि भाजपा जिला संगठन ने 'अपनों' के मोह में आकर इस संगीन मामले को ठंडे बस्ते में डालने या लीपापोती करने की कोशिश की, तो आगामी चुनावों में जनता के गुस्से का ऐसा सैलाब आएगा जिसे थामना नामुमकिन होगा।
सांप-छछूंदर की गति में फंसा स्थानीय नेतृत्व, 'अब करें तो क्या करें?'
पार्टी के ही मुख्य और कद्दावर पदाधिकारी का नाम सीधे तौर पर इस घिनौने घालमेल में सामने आने से भाजपा पूरी तरह बैकफुट पर है। स्थानीय संगठन की हालत इस समय सांप-छछूंदर जैसी गति की हो गई है। यदि वे अपने इस दागदार पदाधिकारी की पीठ थपथपाते हैं, तो जनता थू-थू करेगी; और यदि उन पर गाज गिराते हैं, तो घर की फूट सरेआम चौराहे पर आ जाएगी। 'अब करें तो क्या करें' के फेर में फंसा नेतृत्व पूरी तरह लाचार और रक्षात्मक मुद्रा में नजर आ रहा है। चंद रुपयों के लालच में अनुराग दुहलानी की इस सेंधमारी ने आगामी स्थानीय निकाय चुनावों से ठीक पहले पार्टी की लुटिया डुबोने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।
घड़ियाली आंसू बहाना बंद करे प्रशासन, अब आर-पार की लड़ाई!
विपक्ष ने भी इस मुद्दे को हाथों-हाथ लपकते हुए भाजपा के सुशासन के दावों को कटघरे में खड़ा कर दिया है। युवा कांग्रेस और आक्रोशित नागरिकों ने सड़क पर मोर्चा खोलते हुए इसे देश के सबसे सम्मानित नेता का 'अटल अपमान' करार दिया है। प्रदर्शनकारियों का साफ कहना है कि सिर्फ छोटे कर्मचारियों पर गाज गिराकर घड़ियाली आंसू बहाने से काम नहीं चलेगा। जब तक पर्दे के पीछे खेल करने वाले इस रसूखदार भाजपा नेता यानी अनुराग दुहलानी के ऊपर कोई कठोर कार्यवाही नही होती, तब तक यह माम्मला थमने वाला प्रतीत नहीं हो रहा है।
Tags :
कोरबा कटघोरा
विज्ञापन
विज्ञापन