सेवा मेरा योगदान: : दिव्यांगजनों के जीवन में सुविधा और आत्मविश्वास की नई रोशनी
Shubh Arvind Sharma
Fri, Sep 25, 2026
सेवा मेरा योगदान: दिव्यांगजनों के जीवन में सुविधा और आत्मविश्वास की नई रोशनी
कोरबा में सेवा संकल्प अभियान के तहत दिव्यांग सहायता शिविर, सहायक उपकरण पाकर खिले चेहरे; ब्रेल किट और श्रवण यंत्र से बच्चों की सीखने की राह होगी आसान
कोरबा, 25 सितंबर 2026।किसी जरूरतमंद के जीवन को थोड़ा आसान बनाना ही सच्ची सेवा का सबसे सार्थक रूप है। इसी भावना को केंद्र में रखते हुए ‘सेवा मेरा योगदान’ एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत कोरबा शहर स्थित सीएसईबी जूनियर क्लब पूर्व में दिव्यांग सहायता शिविर का आयोजन किया गया। जिले के विभिन्न ग्रामों से बड़ी संख्या में दिव्यांगजन शिविर में पहुंचे, जहां उनका मूल्यांकन एवं परीक्षण कर आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण, दिव्यांगता प्रमाण पत्र और यूडीआईडी कार्ड से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन, श्री गोपाल मोदी, डॉ. राजीव सिंह सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

‘सहायक उपकरण सुविधा ही नहीं, आत्मनिर्भरता का संबल’
शिविर को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने कहा कि दिव्यांगजनों की सेवा और उनके जीवन को सुगम बनाने में सहयोग करना ईश्वर की सेवा के समान है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशीलता और सहयोग की भावना के साथ आगे आना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सहायक उपकरण केवल सुविधा उपलब्ध कराने का माध्यम नहीं, बल्कि दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास की दिशा में आगे बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण संबल हैं। शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ जिले के प्रत्येक पात्र दिव्यांगजन तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
कलेक्टर ने दिव्यांगजनों से शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर उपलब्ध सुविधाओं का लाभ लेने तथा अपने अधिकारों और शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने की अपील की।

ब्रेल किट और श्रवण किट पाकर बच्चों के चेहरों पर आई मुस्कान
शिविर का सबसे भावुक और प्रेरणादायक दृश्य उस समय देखने को मिला, जब दिव्य ज्योति विशेष स्कूल एवं उमंग दिव्यांग स्कूल के दृष्टिबाधित और श्रवण बाधित बच्चों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप ब्रेल किट एवं श्रवण किट प्रदान की गई।
उपकरण मिलते ही बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह की चमक दिखाई दी। ये उपकरण उनके लिए पढ़ाई, संवाद और सीखने की प्रक्रिया को और सहज बनाने में सहायक होंगे। बच्चों की मुस्कान ने शिविर के वातावरण को आत्मीय बना दिया।

कलेक्टर श्री दुदावत ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
जरूरत के अनुसार मिले सहायक उपकरण
शिविर में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार श्रवण यंत्र, मोटराइज्ड ट्राई साइकिल, ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर, वॉकिंग स्टिक सहित अन्य सहायक उपकरण प्रदान किए गए। इसके साथ ही पात्र दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी पूरी की गई।
सहायक उपकरण मिलने के बाद दिव्यांगजनों के चेहरों पर संतोष और खुशी साफ दिखाई दी। इन उपकरणों से उनके दैनिक आवागमन और विभिन्न गतिविधियों में सुविधा बढ़ने के साथ ही आत्मनिर्भर होकर कार्य करने का अवसर भी मिलेगा।

एक ही मंच पर परीक्षण, मार्गदर्शन और योजनाओं की जानकारी
सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ दिव्यांगता प्रमाण पत्र एवं यूडीआईडी कार्ड बनाने के लिए जनपद पंचायतवार विशेष मूल्यांकन एवं परीक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
इन शिविरों के माध्यम से दिव्यांगजनों को एक ही स्थान पर आवश्यक परीक्षण, मार्गदर्शन तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं और सुविधाओं से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।
‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना से आगे बढ़ती यह पहल केवल उपकरण वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि दिव्यांगजनों के जीवन में सुविधा, सम्मान, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की नई राह खोलने का प्रयास है।
Tags :
कोरबा कटघोरा
विज्ञापन
विज्ञापन