: कोरबा:नेशनल हाईवे 130 किनारे अवैध अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त, जल्द जारी होंगे बेदखली आदेश पोड़ी उपरोड़ा तहसीलदार की सख्त चेतावनी – जनहित में होगी सख्त कार्यवाही
Shubh Arvind Sharma
Thu, May 1, 2025
कोरबा:नेशनल हाईवे 130 किनारे अवैध अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त, जल्द जारी होंगे बेदखली आदेश
पोड़ी उपरोड़ा तहसीलदार की सख्त चेतावनी – जनहित में होगी सख्त कार्यवाही
कोरबा/पोड़ी उपरोड़ा/रामपुर:
पोड़ी उपरोड़ा क्षेत्र में नेशनल हाईवे 130 के किनारे अवैध अतिक्रमण को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। तहसीलदार कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार जल्द ही अतिक्रमणकारियों को बेदखली का नोटिस जारी किया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि ये अवैध कब्जे न केवल राजस्व नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि जनसुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बन चुके हैं।
गौरतलब है कि अम्बिकापुर-बिलासपुर मार्ग पर स्थित यह हाईवे रामपुर ग्राम पंचायत से होकर गुजरता है। चकचकवा पहाड़ी के पास बने चौराहे के दोनों ओर धार्मिक स्थल हैं और यहीं से कटघोरा मार्ग भी निकलता है, जिस कारण इस क्षेत्र में भारी यातायात दबाव बना रहता है। ऐसे में सड़क किनारे हुए अतिक्रमण, विशेष रूप से जबरन बनाए गए मकान, दुर्घटनाओं की आशंका को बढ़ा रहे हैं।
तहसीलदार कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि हाईवे किनारे किए गए निर्माण पूरी तरह अवैध हैं और इन्हें शीघ्र हटाया जाएगा। प्रशासन ने मामले की जांच कर ली है और सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। अब केवल बेदखली आदेश जारी करने की प्रक्रिया शेष है।
स्थानीय ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों ने भी इन अतिक्रमणों को अनुचित माना है। वर्तमान ग्राम प्रधान ने कहा कि यह अतिक्रमण उनके कार्यकाल में नहीं हुआ है, लेकिन वे भी मानते हैं कि हाइवे के किनारे मकान बनाना सुरक्षा की दृष्टि से उचित नहीं है। उन्होंने प्रशासन से उचित कार्रवाई की उम्मीद जताई है।
पूर्व में भी इसी हाईवे पर किए गए एक अवैध निर्माण को प्रशासन ने हटाया था। जानकारों का कहना है कि यदि समय रहते यह कार्रवाई नहीं की गई, तो आगे कोई बड़ा हादसा हो सकता है। अतः जनहित में यह आवश्यक हो गया है कि अतिक्रमण को हटाकर सड़क को सुरक्षित बनाया जाए।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन